दाड़लाघाट: बाडुबाडा देवता और सुकेत बाडुबाडा देवता का हुआ ऐतिहासिक मिलन
दाड़लाघाट पंचायत में सर्वमान्य व सर्व आराध्यदेव बाडुबाडा देवता और सुकेत बाडुबाडा देवता का ऐतिहासिक मिलन हुआ। देव मिलन के सैकड़ों लोग साक्षी बने। हर वर्ष देवता बाडुबाडा मंदिर में भागवत कथा की समाप्ति पर भी देवों का भव्य व रोमांचक मिलन होता है, लेकिन इस बार जात्रा के प्रारंभिक दिनों में ही बस स्टैंड दाड़लाघाट में देवता बाडुबाडा दाड़लाघाट और देवता सुकेत बाडुबाडा का ऐतिहासिक मिलन हुआ। ऐसा माना जाता है कि देवता हमें मिलजुल कर रहने की प्रेरणा देते हैं। लोगों ने कहा कि इस तरह के देव मिलन से जहां देव संस्कृति को बल मिलता है, वहीं देव समाज से जुड़े लोगों को भी आपसी तालमेल तथा संस्कृति के संरक्षण को लेकर जागरूकता आती है। इस दौरान श्रद्धालु सड़क के दोनों ओर, घरों और दुकानों की छतों पर अपने-अपने देवलुओं तथा गुरों के मिलन के इन अविस्मरणीय पलों को कैमरे में कैद करने के लिए हाथों में मोबाइल लिए खड़े थे।
