चंबा में भूस्खलन की चपेट में आया मकान, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा ज़िले की चड़ी पंचायत से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सोमवार को हुए भूस्खलन के चलते एक मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घर के अंदर मौजूद पति-पत्नी मलबे में दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सन्नी और उनकी पत्नी पल्लवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पल्लवी हाल ही में अपने मायके आई थी और उसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचित किया गया। प्रशासन ने मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। भारी बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जोखिम वाले क्षेत्रों में न जाने की अपील की है।