HPBOSE 10th Result 2022: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी की मीनाक्षी ने प्रदेश भर में हासिल किया नौवां स्थान
जिला सोलन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) की मीनाक्षी ने 700 में से 685 अंक लेकर मैरिट में नौवां स्थान झटका है।मीनाक्षी आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं। मीनाक्षी का कहना है कि उसने माता-पिता के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से इस मुकाम को पाया है। मीनाक्षी ने कहा कि यदि लग्न से परिश्रम करते रहे और अपना ध्यान केवल लक्ष्य पर स्थापित करेंगे तो अवश्य ही सफलता प्राप्त होती है। उनके पिता कमलेश शर्मा शिमला में निजी होटल में कार्य करते है और मां उमा शर्मा गृहिणी हैं। प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि मीनाक्षी ने 685 अंक (97.85 प्रतिशत) लेकर प्रदेश भर में नवां स्थान हासिल किया है। मीनाक्षी प्रतिभाशाली छात्रा है,आरंभ से ही वह विविध प्रतियोगिताओं में तथा विद्यालय गतिविधियों में अग्रणी रहती है। इस विशेष उपलब्धि के लिए विद्यालय के सभी अध्यापक तथा मीनाक्षी एवं उसके अभिभावक बधाई के पात्र हैं। जिन्होंने कोविड-19 के कठिन समय में भी अपने परिश्रम को जारी रखा तथा परिणाम स्वरूप आज यह उपलब्धि हासिल करके चंडी क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
