एशिया के इकलौते मोनाल प्रजनन केंद्र में एक साथ तीन मोनाल का हुआ प्रजनन
हिमालय की ऊंची बर्फीली चोटियों पर पाए जाने वाले और विलुप्त हो रही मोनाल प्रजाति के संरक्षण के लिए खुशखबरी आई है। पहली बार एकसाथ तीन मोनाल का प्रजनन मनाली स्थित वाइल्ड लाइफ विभाग के नेहरू फिजंटरी एवं मोनाल प्रजनन केंद्र में हुआ है। मोनाल के तीनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। बताया जा रहा है कि मनाली के प्रजनन केंद्र में दूसरी बार मोनाल का प्रजनन हुआ है।
हालांकि, पिछले दो वर्षों में प्रजनन न होने से वन्य जीव विभाग की चिंता बढ़ गई थी। अरण्यपाल अजीत ठाकुर ने बताया कि मनाली के नेचर पार्क के साथ नेहरू फिजंटरी एवं मोनाल प्रजनन केंद्र में पहली बार तीन मोनाल हुए हैं। एशिया में पहली बार मोनाल का प्रजनन किया गया है। दो मोनाल यहां नैनीताल चिड़ियाघर भेजे गए हैं। डीएफओ कुल्लू राकेश कुमार ने कहा कि वनकर्मी मान सिंह ने आखिरकार मोनाल का प्राकृतिक तौर पर प्रजनन करवाने में सफल हुए हैं। हर वर्ष हजारों सैलानी नेहरू फिजंटरी में मोनाल को देखने के लिए आते हैं।