रक्कड़ कॉलेज में पुलिस ने विद्यार्थियाें काे किया नशे के दुष्प्रभावाें बारे जागरुक
विनायक ठाकुर । रक्कड़
राजकीय महाविद्यालय रक्कड़ में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत रक्कड़ पुलिस के थाना प्रभारी गुरदेव सिंह द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने छात्रों को नशे से होने वाले दुष्प्रभाव की जानकारी दी। गुरदेव सिंह ने छात्रों को नशाखोरी से सावधान करते हुए ड्रग तस्करों के झांसे में न आने के लिए विभिन्न सुझाव और सावधानियों बरतने के प्रति जागरुक किया। उन्होंने बताया कि नासमझी में बच्चे ड्रग तस्करों के जंजाल में फंस जाते हैं। उन्होंने बताया कि नशे करने वाले का जीवन बर्बाद ही नहीं होता, बल्कि परिवार में भी लड़ाई झगड़े बढ़ जाते हैं। इसलिए किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहना चाहिए। थाना प्रभारी रक्कड़ गुरदेव सिंह ने छात्रों को समझाया कि नशे की लत बच्चों में नादानी व असावधानी से पनपती है, जो कि उनका भविष्य बर्बाद कर देती है।
इसलिए बच्चों को अपना ध्यान सिर्फ पढ़ाई पर ही केंद्रित रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा परिवार को बर्बादी की कगार पर ले जाता है। पहले नशे में फिर उसके इलाज में रुपए खर्च करने की नौबत आ जाती है। इसलिए समाज की मुख्यधारा से जुड़कर नशे से दूर रहें और पढ़ाई करने में अपना ध्यान दें। समाज में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति समाज को बर्बाद कर रही है। वहीं, युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आकर खुद का भविष्य बर्बाद कर रहा है, जो बेहद ही चिंता का विषय है। गुरदेव सिंह ने कहा कि बदलते परिवेश में युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आ रहा है, जिससे उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाए जाने की जरूरत है। इसी क्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के कुप्रभाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
