शिमला : स्वतंत्रता दिवस पर हिमाचल पुलिस के 4 अधिकारी व कर्मचारी राष्ट्रपति पुलिस पदक व पुलिस पदक से होंगे सम्मानित
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
हिमाचल पुलिस ने एक बार फिर बेहतर सेवा के लिए अपना लोहा मनवाया है। स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर हिमाचल पुलिस के 4 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियो को सम्मानित किया जाएगा। 75 वें स्वतंत्रता दिवस 2022 के अवसर पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली ने हिमाचल प्रदेश पुलिस के चार पुलिस अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया है। विशिष्ट सेवा के लिए वीरेंद्र शर्मा, पुलिस अधीक्षक, सोलन को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया है, जबकि तीन अधिकारियों (1) दिनेश कुमार यादव, पुलिस महानिरीक्षक (कल्याण एवं प्रशासन), पुलिस मुख्यालय, शिमला (2) इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार, हिमाचल प्रदेश पीटीसी डरोह और (3) सहायक उप-निरीक्षक किशोर कुमार टीटीआर यूनिट, शिमला को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। गौरतलब है कि हिमाचल पुलिस ने बाहरी राज्य में चुनाव में अपनी बेहतर सेवा भी प्रदान की है। वहीं, ड्रग माफिया, नकली शराब पकने मामले व पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा है। यही नही प्रदेश में किसी आपदा के समय भी पुलिस बेहतर सेवा देती आई है।
