इंदौरा : डैंकवां में सरकार गांव के द्वार में पहुंचीं 20 शिकायतें
** हेल्थ चेकअप कैंप में 80 लोगों के स्वास्थ्य की हुई जांच
इंदौरा की पंचायत डैंकवां में आज लोधवां, डैंकवां व मंगवाल पंचायतों के लोगों की समस्याओं को सुनने व उनके निवारण हेतु सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया, एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर, बीडीओ सुदर्शन सिंह, नायब तहसीलदार परवेश शर्मा, डॉ. अनुराधा शर्मा वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी, डॉ. संदीप जमवाल एएमओ, योगा प्रशिक्षक रमा पठानिया, एपीओ पूनम व टैहल सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि विनय मेहरा, एसडीओ जल शक्ति विभाग रजिंद्र सनौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौका पर पहुंचे।
इस दौरान उक्त गांवों की विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 के करीब शिकायतें व समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौका पर ही निपटान किया गया व अन्य का चरणबद्ध ढंग से निदान करने के निर्देश संबंधित विभागों को विधायक मलेंद्र राजन द्वारा दिए गए।
इस दौरान आयुश विभाग व स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाए गए, जिसमें 80 से अधिक रोगियों के स्वास्थ्य की जाँच की गई व उन्हें निशुल्क औषधि वितरित की गई। वहीं विभागों द्वारा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं बारे भी लोगों को जानकारी उपलब्ध करवाई गई व उनसे लाभ लेने के लिए जागरुक किया गया। इससे पहले विधायक ने कुड़सां में किसान गोष्ठी में भाग लिया व कुड़सां में विकास कार्यों हेतु 5 लाख रुपये विधायक निधि से व 11-11 हजार रुपये महिला मंडलों को देने की घोषणा की।
