इंदौरा : बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा काठगढ़ महादेव मंदिर
** भगवान शंकर के दर्शन करने को रात को ही कतारों में बैठ गए थे शिव भक्त
** श्री सनातक जागरण मंच गुरदासपुर के कलाकारों ने किया भोलेनाथ की महिमा कर गुणगान
**जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार ने मंदिर सुधार सभा को भेंट किए 51000 रुपये
तीन दिवसीय जिला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान लाखों भक्त रात को लंबी-लंबी कतारों में बैठकर प्रभु भक्ति में लीन होकर भोलेनाथ के दर्शन पाने का इंतजार करते रहे। जैसे ही रात के 12 बजे सारा मंदिर परिसर बम-बम भोले के जयकारों के साथ गूंज पड़ा।
महोत्सव के दूसरे दिन श्री सनातक जागरण मंच गुरदासपुर के कलाकारों ने विभिन्न प्रस्तुतियां देकर भोले नाथ की महिमा का गुणगान किया।
आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एससडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर व सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच द्वारा मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में मेरिट में रहे बच्चों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, कार्यक्रम में पहुंचे गंगथ से जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार ने मंदिर परिसर के सौंदर्यकरण के लिए मंदिर सुधार सभा को 51 हजार रुपये की राशि भेंट की।
इस अवसर पर मंदिर सुधार सभा के उपप्रधान अजीत सिंह, युद्धबीर सिंह, सचिव गणेश दत्त शर्मा, कार्यालय सचिव जोगिंदर पाल भारद्वाज सहायक सुनीता शर्मा, प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा प्रचार सचिव प्रेम सिंह, रघुनाथ सिंह पवन शर्मा, संगठन मंत्री रमेश पठानिया, राजीव ठाकुर, अशोक पठनिया, बलविंद्र गुलेरिया, इत्यादि उपस्थित रहे।
