इंदौरा: जनसंवाद कार्यक्रम में विधायक मलेंद्र राजन ने सुनीं जनसमस्याएं, विकास को बताया प्राथमिकता
विधायक मलेंद्र राजन ने वीरवार को ग्राम पंचायत मंड मियानी में “आपका विधायक आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत पंचायत वासियों से जनसंवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा विकास कार्यों को गति देना है। इसी के तहत वे स्वयं पंचायतों में जाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में आई बाढ़ से क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ था, जिसे सरकार के समक्ष उठाया गया है। बाईं इंदौरिया से मंड होते हुए पराल तक जाने वाली सड़क, जो बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी, अब दुरुस्त कर दी गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि बाढ़ के कारण बह गए रास्तों की बहाली के लिए शीघ्र ही दो नए पुलों का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें पराल से भोगरवां मार्ग पर 64 मीटर स्पैन का पुल लगभग 2.25 करोड़ रुपये तथा 30 मीटर स्पैन का पुल लगभग 1.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। त्यौड़ा पत्तन पुल तथा ठाकुरद्वारा- मलकाना पुल को प्राथमिकता में रखा गया है। वहीं मंड-बरोटा सड़क का निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है और शीघ्र ही पूरा किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि खड्ड किनारे सुरक्षा दीवार (धुस्सी) निर्माण की मांग को ध्यान में रखते हुए डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए सरकार को भेजी गई है, ताकि भविष्य में रिहायशी क्षेत्रों को बाढ़ से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बस सुविधा की मांग को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा तथा 5 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा गया है।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देते हुए गेहूं, मक्की और हल्दी के समर्थन मूल्य को क्रमशः 80 रुपये,50 रुपये और 150 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है, जबकि अदरक की खरीद भी 30 रुपये के समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही पशुपालन को प्रोत्साहित करते हुए भैंस व गाय के दूध के समर्थन मूल्य को 71 रुपये व 61 रुपये निर्धारित किए गए हैं, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि ढगवार में लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों को मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही हैं और उनके उत्पादों की बिक्री के लिए डमटाल स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर व बीडीओ कार्यालय में दुकानों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर सहित अन्य सभी जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए “व्यवस्था परिवर्तन” के ध्येय के तहत सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान कश्मदीन, दिनेश शर्मा, पूर्व उपप्रधान शेर अली, पूर्व प्रधान बसंतपुर कुलदीप सिंह, लक्ष्मण दास, हनीफा बीबी, गोल्डी, लाल चंद, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एसडीओ विद्युत शंकर दयाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
