इन्दौरा : प्रताप वर्ल्ड स्कूल, चनौर में नए शैक्षणिक सत्र की हुई शुरुआत
प्रताप वर्ल्ड स्कूल, इन्दौरा चनौर में आज एक भव्य हवन का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के अध्यक्ष भरत भूषण महाजन, डायरेक्टर डॉ. विशाल महाजन, एमडी डॉ. रिचा महाजन, प्रधानाचार्य रेणु परमार, स्कूल के शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। एमडी डॉ. रिचा महाजन ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र के उपलक्ष्य में विद्यालय के प्रांगण में यह हवन यज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ईश्वर से छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की गई। उन्होंने यह भी बताया कि हवन का संचालन आचार्य जी द्वारा किया गया, जिन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैदिक परंपराओं के महत्व के बारे में बताया।
हवन के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मंत्रों की दिव्यता और अग्नि की आहुतियों ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रेणु परमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल भारतीय संस्कृति से जुड़ाव को बढ़ाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का भी संचार करते हैं। उन्होंने कहा, "हवन न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है, बल्कि यह छात्रों में नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना का विकास भी करता है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को समग्र रूप से विकसित करना है, जिसमें शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों की भी अहम भूमिका है।" उन्होंने यह भी कहा कि प्रताप वर्ल्ड स्कूल में इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी निरंतर होते रहेंगे और विद्यार्थियों को एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण प्राप्त होता रहेगा। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और सभी के मंगलमय भविष्य की कामना के साथ किया गया।
