मुख्यमंत्री पर सवाल उठाने के बजाय अपने गिरेबान में झांके भाजपा- सुधीर शर्मा

धर्मशाला से कांग्रेस विधायक एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने हिमाचल के भाजपा नेताओं को प्रदेश की ठाकुर सुखविंदर सिंह सरकार के फैसलों पर हाय तौबा मचाने की बजाय अपने गिरेबान में झांकने की सलाह दी है। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि हाय हाय मचाने से बीजेपी की काली करतूतेें जनता से नहीं छिपेंगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार अब उनकी समीक्षा कर रही है, तो बीजेपी वाले तिलमिला रहे हैं। लेकिन ठाकुर सुखविंदर सिंह के सबल नेतृत्व में सरकार का हर फैसला प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा और प्रदेश की आर्थिक सेहत सुधारने के लिए है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि जो संस्थान एवं परियोजनाएं जनता की जरूरत और लाभ की हैं उन्हें बंद नहीं किया जाएगा। लेकिन बिना सुविधाओं के केवल ढांचे खोलने के फैसले पूर्व बीजेपी सरकार की अदूरदर्शिता ही थी।
सुधीर शर्मा ने कहा कि कैबिनेट विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री पर सवाल उठाने की बजाय बीजेपी वाले पहले अपनी पार्टी में सरदारी सेट करने पर ध्यान दें। कैबिनेट विस्तार मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है, उन्हें जब ठीक लगेगा तब वे उसे करेंगे, इसमें बीजेपी की सलाह की जरूरत नहीं है। सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल की प्रबुद्ध जनता ने प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से कांग्रेस की सरकार बनायी है। ठाकुर सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में सरकार को इस संकल्प को पूरा करने का काम करेगी। हमारा प्रयास रहेगा कि आमजन की समस्याओं का घर द्वार पर निवारण हो। उन्होंने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले मुख्यमंत्री धर्मशाला में आभार रैली को संबोधित कर सरकार का दृष्टिकोण जनता के सामने रखेंगे।