दाड़लाघाट : छिब्बर गांव में रही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की धूमधाम
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
ग्राम पंचायत घणागुघाट के छिब्बर गांव में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत के पूर्व प्रधान धनीराम रघुवंशी ने की। इस कार्यक्रम की मुख्यातिथि हिमाचल प्रदेश की प्रथम ट्रक चालक महिला नीलकमल रही। छिब्बर गांव के महिला मंडल की महिलाओं ने मुख्यातिथि नीलकमल के दृढ़ इरादों का उत्साह के साथ पूरा करने और जीवन में आए संकट के क्षणों का मजबूती के साथ सामना करने की बात की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सभी महिलाओं को उनकेे इस आचरण से सीख लेने की बात कही। महिला मंडल की प्रधान सरला ठाकुर ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि नील कमल ने महिला होते हुए भी जीवन में आई रुकावटों को हिमाचल की प्रथम ट्रक चालक बनकर महिलाओं की मजबूती पर मिसाल पेश की है।
उन्होंने इस मौके पर नीलकमल को सम्मानित किया। युवा जागृति क्लब छिब्बर के युवकों ने इस मौके पर महिला मंडल की समस्त महिलाओं को सम्मानित किया। धनीराम रघुवंशी ने नीलकमल के हौसले की सराहना की। महिला मंडल की कुसुम लता ने अपनी शायरी के माध्यम से महिलाओं में जोश भर दिया। अंत में नीलकमल ने कहा कि अब महिला अबला नहीं, बल्कि सबला बनकर हर कार्य में दृढ़तापूर्वक अपना योगदान दे रही है। इस कार्यक्रम में गांव के सभी पुरुषों तथा महिलाओं ने भाग लिया।
