ऊना में चिट्टे ने फिर छीनी जिंदगी, संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास सिरिंज भी मिली
नशा समाज के लिए घातक बनता जा रहा है। युवा पीढ़ी इसके दलदल में धंसती जा रही है। कई युवा इसकी चपेट में आकर अपनी जान गंवा रहे हैं। हरोली क्षेत्र के जननी के पास क्रशर रोड किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मौके पर सिरिंज मिलने के कारण पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर नशे के कारण मौत होने की आशंका जताई है। मृतक की पहचान 18 वर्षीय सौरव निवासी पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरोली पुलिस को सूचना मिली कि जननी के पास क्रशर रोड़ पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान मृतक के पास से एक मोटरसाइकिल, एक सिरिंज और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार शव पर किसी प्रकार की मारपीट या चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मौके पर सिरिंज मिलने से नशे के कारण मौत होने की आशंका है, हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी और शव को ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया ने कहा कि 'मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। आम जनता से अपील की है कि अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें। नशे की लत युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही है और कई परिवारों की खुशियां छिन रही हैं। चिट्टा या अन्य नशे का कारोबार करने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
