कुनिहार : सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल करने वाले 4 दुकानदारों के काटे गए चालान
रंजीत ठाकुर। कुनिहार
सिंगल यूज प्लास्टिक से बने सभी उत्पादों पर पहली जुलाई से सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसे में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा सभी रिटेलर व होलसेलर से सिंगल यूज प्लास्टिक से बने उत्पादों का स्टॉक खत्म करने की पहले ही सलाह दी जा चुकी है। वहीं, कुनिहार बाजार में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रीजनल ऑफिस परमाणु से जूनियर इन्वायरमेंटल इंजीनियर अनुराग रैना ने कुनिहार बाजार का औचक निरीक्षण किया। वहीं, उन्होंने कुनिहार व अर्की में 4 दुकानदारों के चालान भी काटे। साथ ही उन्होंने सभी व्यापारियों को सचेत किया और जानकारी दी कि किसी भी दुकानदार के पास सिंगल यूज प्लास्टिक पाया जाता है, तो उसके ऊपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि अब अगर कोई रिटेलर या होलसेलर सिंगल यूज प्लास्टिक से बना उत्पाद बेचता है तो फिर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से उसके खिलाफ संबंधित नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उत्पाद में प्लास्टिक की मात्रा के हिसाब से चालान किया जाएगा। जितनी ज्यादा प्लास्टिक की मात्रा होगी, उतना ही ज्यादा राशि का चालान काटा जाएगा। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास पंजीकृत विनिर्माताओं, ब्रांड मालिकों, आपूर्तिकर्ताओं एवं स्टॉकिस्ट का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण के लिहाज से नुकसानदेह माने जाने वाले एसयूपी यानी सिंगल यूज प्लास्टिक से बने उत्पादों पर पाबंदी को सख्ती से लागू कर रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा 30 जून तक मौजूदा स्टॉक को हटा लेने को कहा गया था। उसके बाद एक जुलाई से सघन अभियान चलाया जाएगा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक से बने चम्मच, गिलास, कटोरी, कांटा, चाकु आदि 19 उत्पादों पर लागू प्रतिबंध को अमल में लाने के लिए अभियान चलाया गया है।
