IPL 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी, धर्मशाला में खेले जाएंगे 3 मैच
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दूसरे चरण के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। 28 मार्च को आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले ओपनिंग मैच के बाद, टूर्नामेंट का यह निर्णायक दूसरा फेज 13 अप्रैल से 24 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्लेऑफ की जंग तेज होगी और लीग स्टेज के अंतिम 50 मुकाबले खेले जाएंगे।
वहीं IPL 2026 के 3 मुकाबले धर्मशाला में खेले जाएंगे। BCCI द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, पहला मुकाबला 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद, 14 मई को पंजाब किंग्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। तीसरा और अंतिम मुकाबला 17 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ खेला जाएगा, जिसमें स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के भी मैदान पर उतरने की संभावना है।
एचपीसीए प्रबंधन ने स्टेडियम में तैयारियां तेज कर दी गई है। पिच और आउटफील्ड को इंटरनेशनल मानकों के अनुसार तैयार किया जा रहा है। वहीं, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं। बता दें कि, आईपीएल सीजन 2026 की शुरुआत 28 मार्च को हो रही है। पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच शाम 7:30 बजे बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है।
आईपीएल मुकाबलों से जहां, फैन्स अपने स्टार खिलाड़ियों को मैदान पर चौके छक्के लगाते देखेंगे। वहीं, इससे व्यापारियों को फायदा होगा और ये पर्यटन को भी संजीवनी देगा। आईपीएल मुकाबलों के लिए बाहरी राज्यों से लोग हिमाचल पहुंचेंगे। इससे व्यापारियों में भी खुशी की लहर है। धर्मशाला को आईपीएल की मेजबानी मिलने से स्थानीय होटल कारोबारियों, टैक्सी ऑपरेटरों और होमस्टे मालिकों में भारी उत्साह है। होटल बुकिंग: मैचों की तारीखों के एलान के साथ ही होटलों में एडवांस बुकिंग शुरू होने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धर्मशाला की लाइव कवरेज से 'स्पोर्ट्स टूरिज्म' को वैश्विक पहचान मिलेगी।
