सोलन : योजनाओं के लाभ समय पर पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना आवश्यक : कश्यप
लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप ने शनिवार को सोलन में ज़िला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘‘दिशा’’ की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा लक्षित वर्गों के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं के लाभ समय पर पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाना आवश्यक है, ताकि राष्ट्र के बहुमूल्य समय व धन की बचत हो सके।
सांसद ने कहा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य न केवल पात्र वर्गों को लाभान्वित करना है, अपितु उनका सामाजिक-आर्थिक उत्थान सुनिश्चित बनाना भी है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से केन्द्रीय प्रायोजित योजनाओं व कार्यक्रमों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों में गति लाई जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित बनाई जाएं। उन्होंने कहा कि सड़कों, पुलों, भवनों व अन्य निर्माण कार्यों की समयबद्ध समीक्षा एवं अधिािरियों द्वारा इनकी गुणवत्ता का अनुश्रवण भी जरूरी है। उन्होंने ज़िला प्रशासन को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं के तहत सभी लंबित कार्यों की रिपोर्ट मंगवाकर इनका कार्य समय पर पूरा किया जाएगा।
सांसद ने बैठक में जल शक्ति विभाग को ग्राम पंचायत जंगेशु में जलापूर्ति के लिए नई पाइप लाइन स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग को नल के माध्यम से समयबद्ध जलापूर्ति सुनिश्चित बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम को और प्रभावी तरीके से कार्यान्वित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में ज़िला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, ज़िला परिषद सदस्य दर्पणा ठाकुर, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा समिति के सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।
