कुनिहार : बोकरा के आईटीबीपी जवान की सिक्किम में ड्यूटी के दौरान ह्रदय गति रुकने से हुई मौत
रंजीत ठाकुर। कुनिहार
ग्राम पंचायत जाड़ली के छोटे से गांव बोकरा के देवराज मेहता पुत्र स्व. संतराम मेहता 36 वर्षों से आई टीबीपी में अपनी सेवाएं दे रहे थे। आजकल इनकी पोस्टिंग नोर्थ सिक्किम के पैंगोंग में थी। 23 अगस्त मंगलवार को ह्रदयघात की वजह से इनकी मृत्यु हो गई। जिसकी खबर सुनते ही पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया और परिवार पर तो मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। आज वीरवार को आईटीबीपी के जवानों ने तिरंगे में लिपटे देवराज के पार्थिव शरीर को उनके गांव बोकरा पहुंचाया, जंहा उन्हें पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। बेटे विनोद ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। आईटीबीपी के जवानों द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इस मौके पर मौजूद सैंकड़ो लोगों की आंखे नम थी। देवराज के परिवार में पत्नी सत्या देवी,एक बेटा व दो बेटियां है। सभी बच्चों की शादियां हो चुकी हैं तथा बेटा विनोद भी आर्मी में अपनी सेवाएं दे रहा है।
