जसवां-परागपुर: बणी में संपन्न हुई महादेव जन कल्याण ट्रस्ट की 37वीं बैठक
बणी के शिव मंदिर में महादेव जन कल्याण ट्रस्ट गरली की 37वीं त्रैमासिक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में निराश्रित महिलाओं को पेंशन और घरेलू सामान का वितरण नियमित रूप से किया गया। संस्था द्वारा हर तीन महीने के पहले रविवार को लगभग 45 निराश्रित महिलाओं को सहायता प्रदान की जाती है।
समाजसेवा से जुड़े सदस्यों रिटायर्ड उपायुक्त मदन लाल शर्मा, हेमराज शर्मा, सेवानिवृत्त खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कुसुम वालिया, सरोज शर्मा, वरुण पटियाल, अमित वालिया, शालिनी राणा, चुहरू राम, संसार चंद, सुभाष चंद, संजीव और सेवानिवृत्त डीएफओ खट्टा ने निराश्रित महिलाओं और उनके बच्चों को दैनिक उपयोग की सामग्री, एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता और धाम का आयोजन भी किया। सदस्यों ने कहा कि इस नेक कार्य से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी दानी सज्जनों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह सेवा कार्य हर बार सफलतापूर्वक सम्पन्न हो पाता है।
