जोगिंदरनगर: महिलाओं को एक मंच प्रदान करने के लिए आयोजित किया जाएगा लोहड़ी मिलन कार्यक्रम
नव वर्ष के उपलक्ष्य में जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रकाश राणा द्वारा 'लोहडी मिलन समारोह' कार्यक्रम का आयोजन रविवार 9 जनवरी को प्रातः 10 बजे से सायं 4:30 बजे तक मच्छयाल मेला मैदान में करवाया जा रहा है। यह बात विधायक के प्रवक्ता अजय बावा ने कही। बावा ने कहा कि इस समारोह में विधानसभा क्षेत्र की निचला गरोडू, मसौली, दारट बगला, जलपेहड़, नेरघरवासड़ा, कस, भराडू, बिह, नोहली, बल्ह, चलाहरग, द्राहल, बुहला भडयाडा, कुठेहड़ा, पिपली, द्रुब्बल, धार, कोलंग, त्रेम्बली पंचायतों के महिला मंडल भाग लेंगें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में महिला मंडलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे वहीं उनके लिए खेल कूद प्रतियोगिता एवं महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य रीमा राणा बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी। प्रथम चरण कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी करवाया जाएगा।
जिसमें रस्साकस्सी व म्यूजिक चेयर मुख्य रूप से शामिल रहेंगी। रस्साकस्सी में पहला स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 5 हज़ार रु, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 3 हज़ार रु व तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 15 सौ रु की नकद राशि ईनाम के रूप में दी जाएगी। वहीं म्यूजिक चेयर प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को15 सौ रु, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 1 हज़ार रु व तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 5 सौ की नकद राशि ईनाम के रूप में दी जाएगी। यह कार्यक्रम संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में तीन चरणों में करवाया जा रहा है जिसमें प्रथम चरण का कार्यक्रम मच्छयाल मेला मैदान, दूसरे चरण का कार्यक्रम चौंतड़ा व तीसरे चरण का कार्यक्रम लड़भडोल में आयोजित करवाया जायेगा। दूसरे और तीसरे चरण की तिथियां बहुत जल्द सार्वजनिक कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए सभी पंचायतों से आने वाले महिला मंडलों को सात जनवरी तक पंजीकरण दस्तावेज के साथ नाम दर्ज करवाना होगा।