शिमला : कांगड़ा में जेपी नड्डा का हुआ जोरदार स्वागत
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार सुनिश्चित कर रही है कि हिमाचल प्रदेश विकास के मामले में देश के अग्रणी राज्य के रूप में उभरे। यह सब केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकारों के कारण सम्भव हो पाया है। यह बात सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां में उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन रैली के दौरान कही। उनका कांगड़ा पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत राज्य के 9.37 लाख किसानों को 6000 रुपए प्रति वर्ष प्रदान किए जा रहे हैं। पिछले दो वर्षों के दौरान राज्य में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 8.37 लाख से अधिक पानी के कनेक्शन प्रदान किए गए, जबकि पिछले 40 वर्षों के दौरान राज्य में केवल 8 लाख पानी के कनेक्शन ही दिए गए।
उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना के तहत 5.40 लाख से अधिक और सहारा योजना के तहत 18,000 से अधिक मरीज़ों को पंजीकृत किया गया है। उन्होंने मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जिले के स्वतन्त्रता सेनानियों और वीर सैनिकों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कांगड़ा चित्रकला को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलवाने वाले कारीगरों के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भारत को 'विश्व गुरु बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खसरा, जापानी बुखार, पोलियो टीकों के आविष्कार के वर्षों बाद इनका लाभ भारत को मिला, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कोविड-19 का पहला मामला सामने आने के नौ महीने के भीतर ही कोरोना वैक्सीन का स्वदेशी टीका तैयार किया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र सरकार ने देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों को नि:शुल्क राशन उपलब्ध करवाया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार युक्रेन में फंसे देश के 24000 से अधिक विद्यार्थियों को वापस लाने में भी सफल रही, जिनमें से करीब 430 विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश से संबंधित थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी विद्यार्थी अपने वाहनों पर भारतीय झंडा फहराकर युक्रेन से बाहर निकलने में सफल रहे। नगरोटा बगवां के विधायक अरुण कुमार ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का अपने गृह क्षेत्र में पहुंचने पर स्वागत किया। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी, वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया, सांसद किशन कपूर, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, सहप्रभारी संजय टंडन, सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल, संगठन महामंत्री पवन राणा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, विधायक, भाजपा नेता, विभिन्न अग्रणी संगठनों के महासचिव, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष इस अवसर पर उपस्थित थे।
