पालमपुर : दुर्घटना में पीड़ित परिवार को दिलाया जाएगा इंसाफ-त्रिलोक कपूर
प्रतिमा राणा। पालमपुर
अंबाला में सड़क दुर्घटना में पीड़ित परिवार को पूरा इंसाफ दिलाया जाएगा। उक्त शब्द भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने 3 दिन पहले अंबाला में राजपुर के एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में हुई दुखद मृत्यु पर उनके परिवार से मिलने के उपरांत अपनी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहे। वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने गहन संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि मैं इस घटना से बहुत ही आहत हूं, दुखी हूं और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
कपूर ने कहा कि उन्होंने हरियाणा सरकार के उच्च अधिकारियों के साथ बात की है और उन से यह आग्रह किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और दोषी कानून के शिकंजे से बच न पाएं। साथ ही कपूर ने विवेकानंद अस्पताल में जाकर के दुर्घटनाग्रस्त मां और बेटी का हालचाल पूछा और उनको विश्वास दिलाया की उनके साथ पूरी तरह इंसाफ होगा। कपूर ने अस्पताल के डायरेक्टर डॉक्टर दुबे से भी इस बारे में चर्चा की, डॉक्टर दुबे ने बताया कि जल्द ही स्वस्थ होने पर पीड़ित पत्नी व लड़की को छुट्टी दे दी जाएगी।