ज्वालामुखी: वन विभाग से अरविंद शर्मा सेवानिवृत्त, 40 वर्षों तक दी सेवाएं

वन परिक्षेत्र अंब के तहत ज्वार ब्लॉक में अधिकारी के पद पर कार्यरत अरविंद शर्मा गुरुवार को सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने लगभग 40 वर्षों तक वन विभाग में सेवाएं दीं। विभाग की ओर से उन्हें भावभीनी विदाई दी गई और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अरविंद शर्मा ग्राम पंचायत लूथान के निवासी हैं। उन्होंने 1 जनवरी 1986 को वन निगम में बतौर फॉरेस्ट गार्ड अपनी सेवा की शुरुआत की थी। वर्ष 2003 में उन्होंने वन विभाग के नालागढ़ रेंज में कार्यभार संभाला। तत्पश्चात पदोन्नति के बाद ब्लॉक अधिकारी के रूप में ज्वार में दो वर्षों तक सेवा दी।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर अरविंद शर्मा ने डीएफओ ऊना सुशील राणा, रेंज ऑफिसर अंब राहुल ठाकुर और समस्त सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। रेंजर राहुल ठाकुर ने कहा कि अरविंद शर्मा ने हर जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाया। उनकी सेवाओं को विभाग हमेशा याद रखेगा। इस अवसर पर विभाग के अधिकारी और सहकर्मी उपस्थित रहे।