कोविड-19 संकटकाल में ऑनलाइन माध्यम से बेहतर शिक्षा प्रदान करने पर बल- डाॅ. मारकण्डा
तकनीकी शिक्षा, जनजातीय विकास, सूचना प्रोद्यौगिकी मंत्री डाॅ. रामलाल मारकण्डा ने कहा कि प्रदेश सरकार कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत यह सुनिश्चित बना रही है कि छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से बेहतर शिक्षा प्राप्त हो। डाॅ. मारकण्डा ने सोलन जिला के कण्डाघाट स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय (महिला) का निरीक्षण करने के उपरान्त उपस्थित शिक्षकोें एवं अन्य के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने महाविद्यालय में 3.50 लाख रुपए की लागत से निर्मित व्यायामशाला का विधिवत शुभारम्भ भी किया। निरीक्षण के उपरान्त उन्होंने उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट को निर्देश दिए कि महाविद्यायल परिसर स्थित पुराने भवन को नियमानुसार असुरक्षित घोषित किया जाए। उन्होंने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि महाविद्यालय के छात्रावास एवं आवासों की मुरम्मत के लिए रिपोर्ट प्रेषित की जाए ताकि मुरम्मत का कार्य शीघ्र आरम्भ हो सके।
तकनीकी शिक्षा मन्त्री ने कहा कि इस महाविद्यालय में आवश्यकतानुसार और पाठ्यक्रम आरम्भ करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अध्यापकों से आग्रह किया कि छात्राओं को रोज़गारपरक व्यावसायिक एवं व्यवहारिक शिक्षा प्रदान करें ताकि छात्राओं को भविष्य में रोज़गार एवं स्वरोज़गार के बेहतर अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि कण्डाघाट स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय (महिला) को गुणवत्तायुक्त शिक्षा के लिए जाना जाता है और यहां शिक्षा प्राप्त छात्राओं ने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। डाॅ. मारकण्डा ने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 से बचाव के लिए उचित प्रकार से मास्क पहनें, बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइज़र से धोएं तथा सोशल डिस्टन्सिंग नियम का पालन करें। उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डाॅ. दिनेश बिन्द्रा सहित अन्य अध्यापक इस असवर पर उपस्थित थे।
