पुलिस अधिकारी बताकर, बुजुर्ग से ठगे 54 लाख रुपए
* पीड़ित ने बैंक मैनेजर को बताई आप बीती
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में सेंट्रल आर्म फोर्स से रिटायर व्यक्ति के साथ 54 लाख रुपए की ठगी हुई है। पीड़ित के मोबाइल पर किसी अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले शातिर ने खुद को मुंबई पुलिस विभाग का अधिकारी बताया और पीड़ित पर आरोप लगाया कि आपके मोबाइल से लोगों को अश्लील फोटो भेजा गया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा जिला कांगड़ा के एक सेंट्रल आर्म फोर्स से रिटायर एक व्यक्ति के फोन पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले शातिर ने बुजुर्ग से कहा कि आपके फोन से कई लोगों को अश्लील फोटो भेजे गए हैं। शातिर ने पीड़ित को डरा-धमकाकर 54 लाख रुपए ठग लिए। यह राशि पीड़ित ने अपने खाते से दो बार ट्रांजेक्शन कर शातिर के बताए गए बैंक खातों में डाली। वहीं, तीसरी ट्रांजेक्शन के लिए पीड़ित अपनी बैंक की एफडी सहित अन्य व्यवस्था में लगा था कि बैंक मैनेजर ने ऐसा करने से उसे रोक लिया और साइबर पुलिस थाना धर्मशाला में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। पीड़ित पैसों की व्यवस्था के लिए अपनी बैंक एफडी को इकट्ठा कर शातिरों को भेजने जा रहा था। इस दौरान बैंक मैनेजर को शक हुआ तो उसने पीड़ित से इतनी राशि को इकट्ठा करने और अज्ञात खाते में भेजने की वजह पूछी, जिस पर शिकायतकर्ता ने पूरी बात मैनेजर को बताई, इस पर मैनेजर ने राशि भेजने से मना कर दिया और ट्रांजेक्शन रोक दी। एएसपी साइबर पुलिस थाना नॉर्थ रेंज धर्मशाला प्रवीण धीमान ने कहा, "जिला कांगड़ा के निवासी पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कुछ अज्ञात लोगों ने फर्जी पुलिस अधिकारी के नाम पर कॉल करके उससे 54 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
