काँगड़ा: 22 मई को परागपुर में भाजपा निकालेगी तिरंगा यात्रा

कांगड़ा जिले के परागपुर में 22 मई को भाजपा मंडल प्रागपुर और जसवां संयुक्त रूप से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा भारतीय सेना के शौर्य और साहस को सलाम करने के उद्देश्य से निकाली जाएगी। भाजपा मंडल प्रागपुर के अध्यक्ष विनोद शर्मा और जसवां मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि हाल ही में पहलगाम में आतंकियों द्वारा पर्यटकों की नृशंस हत्या के जवाब में केंद्र सरकार के निर्देश पर ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदर आतंकियों के 9 ठिकानों को सफलतापूर्वक नष्ट किया। ऑपरेशन सिंदूर की इस सफलता और भारतीय सेना के पराक्रम के सम्मान में भाजपा ने पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में, जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के दोनों मंडलों ने संयुक्त रूप से 22 मई को सुबह 10 बजे परागपुर में तिरंगा यात्रा आयोजित करने का फैसला किया है। इस यात्रा में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। भाजपा मंडलों के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की जनता से इस तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने पूरे देश में खुशी की लहर पैदा की है और यह भारतीय सेना के मनोबल को बढ़ाने का एक सुनहरा अवसर है।