काँगड़ा: फतेहपुर में मिला 54 वर्षीय व्यक्ति का शव, क्षेत्र में दहशत का माहौल, पुलिस कर रही मामले की जांच
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत स्थित राजा का तालाब बस अड्डे के पास मंगलवार सुबह जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर एक शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 6 बजे शव को बस ठहराव राजा का तालाब के पास पड़ा देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस थाना रेहन को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया। मृतक की पहचान 54 वर्षीय गगन सिंह उर्फ राजू, निवासी धमेटा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक एक निजी बस का ड्राइवर था। सूत्रों के मुताबिक, गगन सिंह बीती रात किसी एक क्षेत्र में बारात छोड़ने के बाद वापस लौटते समय राजा का तालाब में बस से उतर गए थे, जहां उनकी मौत हो गई। फिलहाल, मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
