कांगड़ा : पत्रकारों पर एफआईआर पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर हमला : प्रेस क्लब नगरोटा सूरियां
** प्रेस क्लब ने कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों के बहिष्कार का लिया फैसला
आजाद प्रेस क्लब नगरोटा सूरियां ने कहा कि ज्वाली ब्लॉक कांग्रेस द्वारा पत्रकारों पर एफआईआर दर्ज करवाना राजनीति से प्रेरित है और पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर हमला है। आजाद प्रेस क्लब नगरोटा सूरियां के पत्रकारों ने एक बैठक कर कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों के बहिष्कार का फैसला लिया है।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि 21 जनवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नगरोटा सूरियां में कांग्रेस सरकार ने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग नूरपुर के सहायक लोक संपर्क अधिकारी मनोज सूद ने आजाद प्रेस क्लब नगरोटा सूरियां के पत्रकारों को कार्यक्रम की कवरेज के लिए आमंत्रित किया था और सभी पत्रकार कवरेज करने के लिए वहां पहुंचे थे। मंत्री लोगों की समस्याएं सुन रहे थे तो इसी दौरान जेओए (आईटी) के कुछ युवा उनके के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी सुन पत्रकार भी वहां पहुंचे और नारेबाजी कर रहे युवाओं की बाइट भी ले ली और इसे समाचार पत्रों व चैंनलों पर प्रकाशित कर दिया।
इसे लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने एफआईआर कर दी है और आरोप लगाया कि पत्रकार ने चंद्र कुमार के खिलाफ युवाओं को भड़काया जो कि सरासर झूठ है। हर घटना की कवरेज कर उसे लोगों व सरकार तक पहुंचाना पत्रकारों का काम है। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस की पत्रकारों पर दबाव बनाकर सच को छुपाने की कोशिश है। यह पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर कड़ा प्रहार है, जो कि निंदनीय है। प्रेस क्लब के सभी पत्रकारों ने कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों के बहिष्कार का फैसला लेते हुए कांग्रेस की पत्रकारों के प्रति इस दमनकारी नीति की कड़े शब्दों में निंदा की है।
