कांगड़ा मैदान हरोली उत्सव-2025 के लिए तैयार, कल से शुरू होगा तीन दिवसीय आयोजन
ऊना जिले के हरोली क्षेत्र में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 को लेकर कांगड़ मैदान पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। यह उत्सव 27 से 29 अप्रैल तक मनाया जाएगा, जिसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सात वर्षों के लंबे अंतराल के बाद यह भव्य आयोजन उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से फिर से संभव हो पाया है। शनिवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्वयं कांगड़ मैदान का निरीक्षण किया और वहां की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री पीजी कॉलेज, हरोली से कांगड़ मैदान तक प्रस्तावित शोभायात्रा मार्ग का भी जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हरोली उत्सव का शुभारंभ 27 अप्रैल को सायं 5 बजे राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल द्वारा किया जाएगा। वे शोभायात्रा की अगुवाई करने के बाद कांगड़ मैदान में आयोजित मुख्य समारोह का उद्घाटन करेंगे। उत्सव के दूसरे दिन यानी 28 अप्रैल को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि होंगे, जबकि 29 अप्रैल को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समापन समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस वर्ष उत्सव की थीम “नशा निवारण” रखी गई है, जिसके तहत “नशा मुक्त ऊना - नशा मुक्त हिमाचल” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। शोभायात्रा में स्वयं सहायता समूहों, स्कूलों के विद्यार्थियों, सांस्कृतिक दलों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जो “नशे को ना, जिंदगी को हां” का संदेश देंगे। तीनों दिन उत्सव में सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा, जिनमें हिमाचल, देश और विदेश के कलाकार अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। 27 अप्रैल को पंजाबी गायक मनकीरत औलख, हिमाचली गायक कुमार साहिल और अर्शप्रीत अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। 28 अप्रैल को इंडियन आइडल फेम नितिन कुमार, अनुज शर्मा और प्रसिद्ध गायक एसी भारद्वाज अपनी प्रस्तुति देंगे। समापन दिवस 29 अप्रैल को स्टार पंजाबी गायक गैरी संधू और जसबीर जस्सी अपने गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर देंगे। इसके अलावा, अफ्रीकन डांस, रशियन फायर डांस और यूक्रेनियन ड्रम बैंड जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुतियां भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी। उत्सव के दौरान पारंपरिक खेलों जैसे छिंज, कुश्ती, कबड्डी, रस्साकशी और मटका दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा। महिला मंडलों, युवक मंडलों, विद्यालयों और अन्य संस्थाओं के लिए मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं। साथ ही विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी और स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल भी उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे।
