कांगड़ा: प्रवासी परिंदों से गुलजार हुई पौंग झील, नजारा मनमोहक
** गर्मियां आने पर ये पक्षी वापस लौट जाते हैं अपने देश
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के फतेहपुर में स्थित पौंग झील इस समय प्रवासी पक्षियों से भरी हुई है, जैसे ही सर्दियां शुरू होती हैं, पौंग झील में करीब 41 हजार परिंदे आ चुके हैं। ये पक्षी नवंबर महीने से आना शुरू हो गए थे। ये पक्षी दूर-दराज देशों जैसे नाइजीरिया, साइबेरिया, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया आदि से आते हैं। इन देशों में सर्दी बढ़ने के कारण झीलों का पानी बर्फ में बदल जाता है, जिससे पक्षियों को यहां आने के लिए हजारों किलोमीटर का सफर करना पड़ता है। गर्मियां आने पर ये पक्षी फिर वापस लौट जाते हैं। इन पक्षियों की सुरक्षा के लिए वन्य प्राणी विभाग ने फतेहपुर के धमेटा, नगरोटा सुरिया, ज्वाली और पौंग झील के आसपास के क्षेत्रों में 15 टीमों का गठन किया है। वन्य प्राणी विभाग के डीएफओ रेजीनोड रॉयस्टोन ने बताया कि इन पक्षियों की निगरानी के लिए दिन-रात इन टीमों को तैनात किया गया है। अगर कोई इन पक्षियों का शिकार करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, पौंग झील के किनारे पर खेती करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
