कांगड़ा: फोरलेन निर्माण कार्य से तीन पंचायतों का रास्ता बंद, एसडीएम से मिले ग्रामीण
धर्मशाला: फोरलेन कार्य के दौरान नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से दौलतपुर के नजदीक जंक्शन प्वाइंट पर तीन विभिन्न ग्राम पंचायत के रास्ते को बाधित कर दिया गया है। इस कारण ग्राम पंचायत दौलतपुर, कुल्थी और बालोल के लोग परेशान हैं। समस्या का समाधान न होने से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने उपमंडल अधिकारी नागरिक कांगड़ा इंशात जसवाल को समस्या के समाधान के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा। साथ ही उपमंडल अधिकारी कांगड़ा को अवगत करवाया कि उपरोक्त समस्या से लगभग 4,000 के करीब आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि रास्ता बंद होने से उन्हें बाजार, बैंक, उचित मूल्य की दुकान पर जाने और बच्चों को जाने में परेशानी हो रही है। इस पर उपमंडल अधिकारी नागरिक कांगड़ा ईशांत जसवाल ने समस्या का समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
