कांगड़ा: सड़क दुर्घटना में 11 वर्षीय मासूम की गई जान, घर में छाया मातम
कांगड़ा में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां स्कूल में एडमिशन करवाकर लौट रहे एक मासूम बच्चे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 11 वर्षीय ऋषभ पटियाल जो गांव धनोट का रहने वाला था, अपनी मां सुलोचना देवी के साथ भडोली स्थित कुटियारा स्कूल में छठी कक्षा में एडमिशन करवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय धर्मशाला से नादौन की ओर जा रही एक टैक्सी ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के साथ मिलकर उसे देहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। ज्वालामुखी पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि टैक्सी चालक ने घटना के बाद खुद ही पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। मामले की पुष्टि एसपी देहरा मयंक चौधरी ने की है।
