कांगड़ा पुलिस की कार्रवाई, 135 ग्राम चरस के साथ दो युवक गिरफ्तार
प्रदेश में कांगड़ा पुलिस के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बैजनाथ थाना पुलिस ने 135 ग्राम चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7/8 मार्च 2026 की रात बैजनाथ पुलिस थाना की टीम अवाही नाग मोड़ के पास यातायात चेकिंग के लिए नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान घट्टा की ओर से आ रही स्कूटी नंबर HP40F-5509 को जांच के लिए रोका गया।
स्कूटी चालक और उसके साथ बैठे युवक पुलिस को देखकर घबराए हुए नजर आए, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। नियमानुसार तलाशी लेने पर स्कूटी की डिग्गी से 135 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अनीश ठाकुर (19) निवासी मोहल्ला जुलाहखड़ी, वार्ड नंबर-6, डाकघर, तहसील व जिला चंबा और नमन (20) निवासी गांव व डाकघर इच्छी, तहसील व जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद चरस के साथ स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना बैजनाथ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 व 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। कांगड़ा पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है, जिसके तहत गश्त, नाकाबंदी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
