कांगड़ा: नगरोटा बगवां में अवैध शराब पर पुलिस का छापा, 10 पेटियां बरामद
कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चाहड़ी गांव में एक कन्फैक्शनरी (किराना) की दुकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मंगलवार (7 अप्रैल) को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चाहड़ी निवासी अमर नाथ शर्मा अपनी दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान के भीतर छिपाकर रखी गई कुल 10 पेटियां शराब बरामद हुईं। इनमें 9 पेटियां देसी शराब (कुल 108 बोतलें, मार्का– VRV संतरा, 81,000 एमएल) और 1 पेटी अंग्रेजी शराब (12 बोतलें, मार्का– ब्लेंडर प्राइड और आफ्टर डार्क, 9,000 एमएल) शामिल हैं।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी अमर नाथ शर्मा के खिलाफ पुलिस थाना नगरोटा बगवां में अभियोग संख्या 40/2026 के तहत हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। अशोक रतन ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
