कांगड़ा: मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्रों ने “युवा चेंज मेकर्स” कार्यक्रम में लिया भाग
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, इंदौरा के विद्यार्थियों ने “युवा चेंज मेकर्स” नेतृत्व विकास कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया। यह कार्यक्रम हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए प्रारंभ किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ जनवरी 2026 के अंतिम सप्ताह में किया गया, जबकि पंजीकरण प्रक्रिया 25 जनवरी 2026 से आरंभ हुई। एक वर्ष की इस फेलोशिप का उद्देश्य युवाओं को राजनीतिक समझ, सुशासन की दक्षता तथा सामाजिक संवेदनशीलता से युक्त नेतृत्व के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के विभिन्न चरणों के उपरांत 40 से 50 युवाओं का चयन किया जाएगा, जिनमें से अंतिम चरण में 17 से 21 “चेंज मेकर्स” चुने जाएंगे।
चयनित प्रतिभागी सीधे सांसद के साथ क्षेत्रीय विकास परियोजनाओं पर कार्य करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 21 युवाओं को ₹1,21,000 की प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव ग्रांट) प्रदान की जाएगी। इस पहल के अंतर्गत कॉलेज के विद्यार्थियों ने युवाओं का ऑनलाइन पंजीकरण एवं नामांकन भी करवाया। छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अधिक से अधिक युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि यह कार्यक्रम प्रदेश के युवाओं के लिए सार्वजनिक जीवन में प्रवेश का एक सशक्त एवं संरचित मंच सिद्ध होगा, जिससे वे अपनी नेतृत्व क्षमता का विकास कर समाज और राज्य के समग्र विकास में सक्रिय योगदान दे सकेंगे।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक सांसद अपने निर्वाचन क्षेत्र में इस प्रकार की पहल करे, तो प्रत्येक क्षेत्र की प्रगति देश की समग्र उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
