कांगड़ा: मिनर्वा कॉलेज के छात्रों ने किया एस्पेन लाइफसाइंसेज प्राइवेट लिमिटेड का भ्रमण
मिनर्वा कॉलेज ऑफ़ फार्मेसी, इंदौरा के बी.फार्मेसी छठे सत्र के छात्रों के लिए एक दिवसीय औद्योगिक दौरे का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों ने अमृतसर में स्थित एकअग्रणी फार्मास्युटिकल कंपनी एस्पेन लाइफसाइंसेज प्राइवेट लिमिटेड का दौरा किया, जिस से उन्हें वास्तविक औद्योगिक वातावरण तथा दवा निर्माण प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। इस औद्योगिक भ्रमण में कॉलेज के दो प्राध्यापक मिस्टर अजय शर्मा व मिस कोमल कश्यप भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्रों ने विभिन्न विभागों का अवलोकन किया तथा उद्योग विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को फार्मास्युटिकल उद्योग की कार्यप्रणाली, नवीनतम तकनीकों और गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रियाओं से परिचित कराना था।
छात्रों ने कंपनी के विभिन्न विभागों जैसे उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण और उन्नत उपकरण संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। औद्योगिक दौरे के दौरान, छात्रों को वास्तविक जीवन की औद्योगिक प्रक्रियाओं को नज़दीक से देखने का अवसर मिला, जिस से उनके शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव के साथ जोड़ा जा सका। कॉलेज प्रबंधक इंजीनियर जे.एस.पटियाल का मानना है कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के औद्योगिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं, इसलिए संस्थान हमेशा ऐसे आयोजनों के लिए तत्पर रहता है।
मिनर्वा ग्रुप ऑफ़ कॉलेजेस के डीन अकादमिक प्रोफेसर बी.डी.शर्मा का कहना है कि ऐसे दौरे छात्रों के लिए भविष्य के करियर हेतु भी महत्वपूर्ण सीख प्रदान करते हैं, और यह उनकी औद्योगिक समझ तथा व्यावसायिक कौशलों को निखारने में सहायक होते हैं। कॉलेज प्राचार्य डॉ. कपिल कुमार वर्मा का कहना है कि औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में एक सक्षम और जिम्मेदार फार्मासिस्ट बन सकें।
