कन्याल नवयुवक मंडल ने धूमधाम से मनाया पंचमी महोत्सव
- महासु महाराज की आराधना के लिए मनाया जाता यह पर्व
- पूरी रात जागरण करते हैं लोग, चलते हैं अंगारों पर
जिला सिरमौर के विधानसभा क्षेत्र श्री रेणुका जी के विकास खंड सगड़ाह के गाता धार क्षेत्र में कन्याल नवयुवक मंडल ने पंचमी महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया। पंचमी महोत्सव सिरमौर के गिरीपार क्षेत्र में और उत्तराखंड के जौनसार बाबर में महासु महाराज की आराधना के लिए मनाया जाता है और जितने भी गिरीपार क्षेत्र और जौनसार बाबर में महासु महाराज के मंदिर हैं, उन सभी में पंचमी महोत्सव मनाया जाता है। लोग पूरी रात जागरण और विरसु नृत्य करते हैं। इस नृत्य से देवी शक्ति लोगों में आती है और वे अंगारों पर लगभग १ घंटे तक चलते रहते हैं, परंतु देवी शक्ति के कारण उनको कुछ नहीं होता।
कन्याल नवयुवक मंडल ने महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर जिला सिरमौर जिला परिषद अध्यक्ष सीमा कन्याल ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि पंचायत प्रधान किरण बाला रहीं।
नवयुवक मंडल कन्याल के मीडिया प्रभारी सुरेश भारद्वाज का कहना है कि युवक मंडल समय-समय कर सामाजिक कार्य करता आ रहा है। कोरोना काल में मास्क वितरण हो या गांव में क्लासेस लगानी हों, नवयुवक मंडल ने हर कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया है।
