डिपो संचालक खफा, बोले सौतेला व्यवहार कर रही सरकार
प्रदेश डिपो संचालक समिति प्रदेश सरकार से खफा है और डिपो संचालकों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगा रही है। प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेशाध्यक्ष अशोक कवि का कहना है कि प्रदेश सरकार प्रदेश के 5036 डिपो संचालकों की उपेक्षा कर रही है। प्रदेश के दस डिपो संचालकों ने लोगों की सेवा करते-करते कोरोना की चपेट में आने से अपने प्राण त्याग दिए, लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से उनके आश्रितों को एक पैसे की भी मदद नहीं की गई और न ही प्रदेश के डिपो संचालकों को कोरोना काल में किए गए सराहनीय कार्य के लिए कोई प्रोत्साहन राशि दी गई। सरकार की इस कार्यप्रणाली से प्रदेश के डिपो संचालक रुष्ट हैं।
अशोक कवि ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रदेश के जिन डिपो संचालकों की मौत कोरोना की वजह से हुई है, उनके आश्रितों को भी अन्य विभागों के कर्मचारियों की तर्ज पर 50 लाख एक्सग्रेशिया ग्रांट दी जाए और अन्य डिपो संचालकों को कोरोना काल में किए गए सराहनीय काम के एवज में माननीय खाद्य आपूर्ति मंत्री द्वारा 24 लाख 44 हजार प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा को अमलीजामा पहनाया जाए।