सीएम जयराम का आभार, पर जानबूझ कर विलंब कर रहे अधिकारी
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। संघ का कहना है कि मुख्यमंत्री ने तकनीकी कर्मचारियों की मांगों को प्राथमिकता देते हुए उनका समय-समय पर निदान किया है जिसमें जूनियर टी मेट व जूनियर हेल्पर की पदौन्नति समय अवधि 5 वर्ष से घटाकर तीन वर्ष करना है। मुख्यमंत्री ने दो बार आधिकारिक घोषणा की है, इसके साथ ही भारतीय मजदूर संघ की बैठक में भी बोर्ड प्रबंधन को इसके एक सप्ताह में अधिसूचना जारी करने के निर्देश दिए हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दूनी चंद ठाकुर ने कहा कि अभी भी अधिकारी इसकी अधिसूचना करने में जानबूझ कर विलंब कर रहे है ताकि प्रदेश सरकार की कर्मचारियों के बीच में छवि खराब हो। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि वह बोर्ड प्रबंधन को तकनीकी कर्मचारियों की अन्य मानी हुई मांगों को भी तुरंत पूरी करें। इनमें मुख्यतः एस एस ऐ नॉन आई टी आई से जे ई सब स्टेशन की समय अवधि 10 वर्ष से 5 वर्ष करना, सहायक लाइनमैन से लाइनमैन की पदौन्नति समय अवधि 4 वर्ष से 2 वर्ष करना, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, स्टोर कीपर व हेल्पर सब स्टेशन की ग्रेड पे विसंगति दूर करना, सब स्टेशन व उत्पादन विंग में तकनीकी कर्मचारियों को मोबाइल भत्ता देना, मिनी माइक्रो पावर हाउस में कार्यरत कर्मचारियों को पदोन्नति लाभ देना, एम एन्ड टी व पावर हाउस में कार्यरत नॉन आई टी आई इलेक्ट्रीशियन की पदोन्नति समय अवधि 10 वर्ष से 7 वर्ष करना व बर्फीले क्षेत्रों में स्नो किट उपलब्ध करवाना इत्यादि है।