कसौली पट्टा-जोहड़जी सड़क पर पेश आया दर्दनाक हादसा, दो लोगों की मौत
कसौली के साथ लगते पट्टा-जोहड़जी सड़क पर दर्दनाक हादसा पेश आया है। हादसे में एक गाड़ी 400 मीटर खाई में जा गिरी। सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना कसौली चौकी कुठाड़ के तहत यह हादसा हुआ है। कार में तीन लोग सवार थे। यह कार पट्टा-जोहड़जी सड़क पर अचानक 400 मीटर खाई में जा गिरी। लोगों ने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस को दी। स्थानीय लोगों ने सभी को कार से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। स्वास्थ्य केंद्र पट्टा में प्राथमिक उपचार देने के बाद दो घायलों को चंडीगढ़ रेफर किया गया लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। थाना प्रभारी संजय कुमार ने इस मामले की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
