कसौली :परवाणु में एन.यू.जे आई का राज्य स्तरीय अधिवेशन संपन्न

हिमाचल प्रदेश यूनियन आफ जर्नलिस्टस का राज्य स्तरीय दो दिवसीय अधिवेशन सोलन के निकट औद्योगिक नगरी परवाणु में संपन्न हुआ। समापन सत्र में नेशनल यूनियन आफ जर्नलिटस(इंडिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने मुख्य वक्ता के तौर पर शिरकत की वहीं कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। विशिष्टि अतिथि के तौर पर हिमाचल प्रदेश दवा निर्माता उद्योग संघ के चेयरमैन सतीश सिंघल व लघु उद्योग संघ के प्रदेश संयोजक विचित्र सिंह पटियाल, नगर परिषद उपाध्यक्ष लखविंद्र सिंह व समाज सेवी ठाकुर दास शर्मा ने शिरकत की।
सिर्फ हिमाचल में पेंशन नहीं-राष्ट्रीय अध्यक्ष
अपने संबोधन में नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्टस (इंडिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने संगठन के इतिहास पर प्रकाश डाला और कहा कि यह भारत का सबसे बड़ा संगठन है जो कि पत्रकारों के हितों के लिए लड़ता है। उन्होने विधायक विनोद सुल्तानपुरी को बताया कि हमारे प्रयासों से भारत के अधिकांश राज्यों में पत्रकारों के लिए पेंशन का प्रावधान है पर हिमाचल इससे अछुता है। उन्होने कहा कि पत्रकारों को सामाजिक सुरक्षा व स्वास्थ्य बीमा की चिंता राज्य सरकारों को करनी चाहिए।
विधानसभा में उठाऊंगा पत्रकारों की मांगो को-
विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश यूनियन आफ जर्नलिस्टस की अधिकांश मांगे जायज है और वह सारे मुददे सीएम के समक्ष उठाएंगे। उन्होने कहा कि पत्रकार कल्याण बोर्ड का गठन होना चाहिए वहीं अगर अन्य राज्यों में पेंशन है तो हिमाचल के पत्रकारों को भी मिलनी चाहिए। विनोद ने आगे कहा कि डैमोक्रेसी को जिंदा रखने में मीडिया का अहम रोल है और इनकी सामाजिक सुरक्षा भी जरुरी है।