दिवाली क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ समापन, खनलग की टीम विजेता बनकर उभरी
ग्राम पंचायत बसंतपुर के आजाद युवा क्लब द्वारा "दिवाली क्रिकेट प्रतियोगिता" का समापन हो गया। इस दौरान युवा क्लब द्वारा एक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जिसमें जल शक्ति विभाग शिमला के अधीक्षण अभियंता हेमन्त तनवर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उनके साथ भूमती के समाजसेवी लेखराम भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस प्रतियोगिता का फाइनल मैच युवा मण्डल खनलग एवं युवा मंडल मांजू के मध्य खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए खनलग की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 46 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए मांजू के बल्लेबाज मात्र 12 रन ही बना पाए और इस तरह खनलग की टीम ने फाइनल ट्रॉफी अपने नाम की। मुख्यातिथि ने विजेता टीम को 11000 रुपये एवं ट्रॉफी और उप-विजेता टीम को 5100 रुपये व ट्रॉफी प्रदान की। मैन ऑफ द मैच खनलग टीम के खिलाड़ी विपिन को प्रदान किया गया और मैन ऑफ द सीरीज योगेश को प्रदान की गई। इस बार आयोजकों द्वारा बेस्ट बॉलर, बेस्ट फील्डर व बेस्ट बैट्समैन का ईनाम भी प्रदान किया गया, जिसमें मांजू टीम के हेमराज शर्मा को बेस्ट बॉलर, हेमंत पाठक को बेस्ट फील्डर व मेहरचंद चौहान को बेस्ट बैट्समैन का ईनाम प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत मे मुख्यातिथि ने सभी युवाओं को नशे से दूर रहने व सकारात्मक सोच रखने का मंत्र दिया। उन्होंने आयोजकों को अपनी तरफ से 11000 रुपये की राशि भी प्रदान की।
इस मौके पर क्लब के प्रधान जय प्रकाश ठाकुर, सचिव कमल ठाकुर, खेल प्रबंधक धनीराम, शंकर लाल, धर्मपाल, विक्रम, सन्तोष, पंकज, गौरव, पवन, विक्रम, महेंद्र, अनिल और दोनों टीमों के खिलाड़ी उपस्थित रहे।
