किन्नौर: विश्व महिला दिवस पर पुलिस मैदान में दौड़ स्पर्धाओं का किया जाएगा आयोजन
विश्व महिला दिवस पर पुलिस मैदान में दौड़ स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। सहायक आयुक्त किन्नौर विपिन ठाकुर ने उपायुक्त कार्यालय के सभागार में 8 मार्च को पुलिस मैदान रिकांगपिओ में आयोजित होने वाले विश्व महिला दिवस कार्यक्रम के संबंध में बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि इस अवसर पर “अस्मिता – खेल से ही पहचान” कार्यक्रम के तहत 13 वर्ष से कम, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवक-युवतियों के लिए 100, 200 और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतिभागी अपना ऑनलाइन पंजीकरण https://nsrs.kheloindia.gov.in पर कर सकते हैं। इसके अलावा 8 मार्च को प्रातः 8 बजे के बाद पुलिस मैदान में स्थापित काउंटर पर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सहायक आयुक्त ने स्थानीय युवाओं से इन दौड़ प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. राकेश नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी जय कुमार गुप्ता, युवा खेल अधिकारी शुभम चंद्रन सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
