किसान सभा अर्की ने कृषि बिलों के विरोध में निकाली रैली
अखिल भारतीय किसान सभा के आह्वान पर अर्की इकाई के कार्यकर्ताओं ने दाड़लाघाट बस स्टैंड पर एक प्रदर्शन का आयोजन किया। किसान सभा के कार्यकर्ता किसान सभा कार्यालय में एकत्रित हुए तथा बाद में बाजार में एक जुलूस निकाला जो कि बस स्टैंड तक पहुंच कर एक रैली में परिवर्तित हो गया।
रैली को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिलाध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य रामकृष्ण शर्मा ने केंद्र सरकार के कृषि बिलों पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि सरकार सदियों पुरानी मंडी व्यवस्था तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रणाली को समाप्त करके किसानों की जमीनें अंबानी तथा अदानी के पास गिरवी रखना चाहती है। इस सरकार को किसानों एवं मजदूरों से केवल वोट चाहिए, जबकि कानून वह केवल उद्योगपतियों के हक में बना रही है। शर्मा ने इन कानूनों को काला कानून करार दिया। रैली को संबोधित करते हुए सीटू नेता अमरचंद गजपति ने कहा कि मोदी सरकार बेखौफ तथा तानाशाह बन गई है। वह उसी जनता के सिर पर डंडे मार रही है जिस जनता ने दो बार मोदी को सत्ता में बिठाया। नौजवान नेता पंकज शर्मा एवं किसान सभा के राज्य कमेटी के सदस्य रूप चंद ठाकुर ने भी रैली को संबोधित किया। किसानों ने जनता का आह्वान किया कि दिल्ली बॉर्डर पर डटे किसानों का हौसला बढ़ाने हेतु एकजुटता का प्रमाण दे तथा 8 दिसंबर के भारत बंद को कामयाब बनाएं।
इस अवसर पर रामकृष्ण शर्मा, अमर चंद गजपति, रूप चंद, मोहन ठाकुर, भागीरथ ठाकुर, बृजलाल गजपति, संतराम, धर्मपाल गजपति, हरिराम, मनसाराम, पंकज शर्मा, जयदेव, अमरचंद शालीमार, नरपत, जयदेव ठाकुर एवं बृजलाल सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
