कुनिहार के ठाकुर द्वार मन्दिर में धूमधाम से मनाई जाएगी कृष्ण जन्माष्टमी
** रात 12 बजे निकाली जाएगी कृष्ण भगवान के बाल रूप की भव्य झांकी
ठाकुर द्वार मन्दिर कुनिहार में मंदिर कमेटी द्वारा कृष्ण जन्माष्टमी बड़ी धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। हाटकोट पंचायत प्रधान जगदीश अत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि मन्दिर में रात 9 बजे से 12 बजे तक भजन संध्या का आयोजन होगा व हर वर्ष की भांति रात ठीक 12 बजे कृष्ण जन्मोत्सव के समय कृष्ण भगवान के बाल रूप की भव्य झांकी निकाली जाएगी, जिसमे समस्त क्षेत्र वासी झूमते ,नाचते गाते हुए बाल गोपाल के दर्शन कर इस क्षण का भरपूर आनंद लेंगे। उन्होंने बताया कि मन्दिर परिसर में आयोजित की जा रही सात दिवसीय भागवत कथा में प्रतिदिन सैंकड़ों लोग कथा श्रवण करने पहुंच रहे है। 27अगस्त को इस कथा का समय दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक रहेगा, उसके उपरांत हवन व पूर्णाहुति के साथ कथा को विराम दिया जाएगा। 27अगस्त को क्षेत्र वासियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी क्षेत्र वासियों से इन कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील की है।
