घाना की राजधानी अक्रा पहुंचे कुलदीप सिंह पठानिया
-66वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में लेंगे भाग
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया पिछले कल अफ्रीका महाद्वीप के देश घाना की राजधानी अक्रा पहुंचे। पठानिया 2 से 6 अक्तूबर तक यहां आयोजित होने वाले 66वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने गए हैं। पठानिया के साथ विधानसभा सचिव यशपॉल शर्मा भी इस सम्मेलन में भाग लेने गए हैं। अक्रा पहुंचने पर आयोजकों द्वारा विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का परंपरागत स्वागत किया गया। इस सम्मेलन में देश की सभी राज्य विधानसभाओं के पीठासीन अधिकारी अक्रा पहुंच गए हैं।
गत सायं अक्रा में प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों के सम्मान में स्वागत एवं परिचय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल प्रमुख ने सभी डेलिगेट्स के सम्मान में अपना संबोधन दिया तथा वहां आयोजित होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
कुलदीप सिंह पठानिया आज भारतीय समय के अनुसार शाम 7 बजे पार्लियामेंट ऑफ घाना में लिंग कोटा-अंत का एक साधन विषय पर अपना संबोधन देंगे। इस कार्यक्रम में रिपब्लिक ऑफ घाना के राष्ट्रपति नाना आडो दानिका अकूफो तथा घाना संसद के स्पीकर अलबन किंग्सफोर्ड सुमाना बेगबीन भी शमिल होंगे।
