कुल्लू: पुजारी देव संस्कृति का अहम स्तंभ: सत्य प्रकाश ठाकुर
*पुजारी कल्याण संघ मिला पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर से
*देवी-देवताओं की बनेगी स्मारिका
सरकार व जिला प्रशासन द्वारा देवी-देवताओं के पुजारियों की लगातार अनदेखी को लेकर अब पुजारी कल्याण संघ उग्र हो गया है। संघ अब जिला के सभी वरिष्ठ लोगों से मुलाकात कर रहा हैं। इसी कड़ी में संघ पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर से मिला। सत्य प्रकाश ठाकुर ने पुजारियों के इस प्रतिनिधि मंडल का कुल्वी परंपरा के साथ भव्य स्वागत किया। पुजारियों का यह प्रतिनिधि मंडल संघ के अध्यक्ष धनी राम चौहान की अध्यक्षता में मिला और उनके साथ हो रहे भेदभाव के बारे में अवगत करवाया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि पुजारी देव संस्कृति का अहम अंग है। उन्होंने जिला भर के सभी पुजारियों व उनके परिवार को आश्वासन दिया कि उनके साथ जो भेदभाव किया जा रहा है वह सहन नहीं होगा। सत्य प्रकाश ठाकुर ने पुजारी जन कल्याण संघ को विश्वास दिलवाया कि पुजारियों के साथ हो रहे अन्याय को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुजारी देव संस्कृति का एक अहम हिस्सा है और पुजारियों के बीना देवी-देवता का हर कार्य असंभव है, फिर भी यह सरकार पुजारियों के साथ भेदभाव कर रही है जो सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि देव संस्कृति में राजनीति करने वाले बेनकाब होने चाहिए और पुजारियों को उनका हक मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुजारी कल्याण संघ का देव सदन में भव्य कार्यालय होना चाहिए और शोध संस्थान की भी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देव संस्कृति से जुड़ी हर बैठक में पुजारियों का सम्मान होना चाहिए और दशहरा कमेटी में भी संघ के प्रतिनिधि आमंत्रित होने चाहिए और दशहरा कमेटी के सदस्य बनाए जाने चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने पुजारी कल्याण संघ द्वारा निकाली जा रही स्मारिका के प्रकाशन के लिए भी चर्चा हुई। इस अवसर पर संघ के प्रधान धनी राम चौहान ने बताया कि जिला के देवी-देवताओं के इतिहास पर पुजारी कल्याण संघ एक स्मारिका प्रकाशित कर रहा है।