कुल्लू: आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने हिमाचल पहुंचीं प्रियंका गांधी, बाढ़ प्रभावितों से मिलीं
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का मंगलवार सुबह आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने हिमाचल पहुंचीं। प्रियंका चंडीगढ़ से हवाई मार्ग से कुल्लू के भुंतर पहुंचीं। उनके साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, सांसद प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों की समस्याओं को सुना और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस आपदा से बहुत से लोग बेघर हुए हैं और कई लोगों ने जान गवाई है। प्रदेश सरकार प्रभावितों को हर मुमकिन सहयोग प्रदान करने के प्रयास कर रही है। सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत व पुनर्वास कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य की जनता और प्रदेश सरकार का केंद्र सरकार से इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह है। इससे प्रदेश सरकार को आपदा से निपटने और प्रभावितों को राहत प्रदान करने मे बड़ा सहयोग मिलेगा। प्रियंका गांधी सोलन और मंडी जिले का भी दौरा करेंगी। मनाली में बाढ़ प्रभावितों से बातचीत के बाद उनका हेलिकाप्टर से मंडी के पंडोह जाने और प्रभावितों से मिलने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद सोलन पहुंचेंगी। इसके बाद प्रियंका कल्याणी हेलिपेड शिमला आएंगी। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी शिमला के छराबड़ा स्थित अपने आवास पर ही रुकेंगी। बुधवार को वह शिमला में भी आपदा प्रभावितों से बातचीत कर सकती हैं।