कुल्लू: मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर कार्यशाला आयोजित

केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, जिला भाजपा कुल्लू ने देव सदन में एक जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, बिलासपुर के विधायक त्रिलोक जम्वाल, और प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने इन 11 वर्षों में देश का नाम विश्व मानचित्र पर ऊंचा किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गौरवान्वित महसूस कर रहा है। गोविंद सिंह ठाकुर ने यह भी बताया कि इन 11 वर्षों में किए गए "सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण" के कार्यों को इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में अंकित किया जाएगा। उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का विशेष उल्लेख किया, जिसके तहत पाकिस्तान के आतंकी अड्डों को नष्ट कर आतंकवाद पर हमला किया गया, जिससे देश की छवि विश्व स्तर पर और मजबूत हुई। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में जिला के हर मंडल स्तर पर इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य ने बताया कि आगामी दिनों में विश्व पर्यावरण दिवस, योग दिवस, आपातकाल दिवस और बलिदान दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इन आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी साझा की।
बिलासपुर के विधायक त्रिलोक जम्वाल ने "सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण" के 11 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे जन कल्याणकारी कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला अध्यक्ष अमित सूद ने भी जिले में आने वाले दिनों में पार्टी द्वारा किए जाने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की और संगठन के सभी कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से 2022 के प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर, प्रदेश महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अखिलेश कपूर, जिला के महामंत्री अमर ठाकुर, बलदेव महंत, पूर्व जिला अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, अरविंद चंदेल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अर्चना ठाकुर, मीना ठाकुर, राहुल सोलंकी, प्रदेश महिला मोर्चा सचिव बर्षा ठाकुर, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष कमलेश शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दानवेंद्र सिंह सहित प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।