कुल्लू का युवक 500 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार, घुमारवीं पुलिस की कार्रवाई
पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्लू के एक युवक को 500 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना घुमारवीं की टीम क्षेत्र में नशा तस्करों पर नकेल कसने के उद्देश्य से बलोह-मल्यावर संपर्क मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही युवक घबराने लगा और उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। शक के आधार पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद बैग की जांच की गई, जिसमें से 500 ग्राम चरस बरामद हुई।
आरोपी की पहचान निमत राम (33) निवासी गांव नडाहरा डाकघर रोपा तहसील स्यांज कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुट गई है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
