पेंशनर्स की लंबित मांगों पर कुनिहार में गरजी एसोसिएशन, सरकार को दी चेतावनी
पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन कुनिहार की मासिक बैठक मंगलवार को अध्यक्ष विनोद जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर गहन चर्चा करते हुए सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की गई। बैठक में सदस्यों ने महंगाई भत्ते (डीए) की सभी बकाया किस्तों का तुरंत भुगतान करने की मांग उठाई। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कम्यूटेशन मामले को लेकर कहा गया कि वर्तमान में 15 वर्ष तक की कटौती अवधि को घटाकर 10 वर्ष 8 माह किया जाए, जैसा कि कई अन्य राज्यों में पहले ही लागू किया जा चुका है।
एसोसिएशन ने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनर्स को क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ मूल पेंशन में जोड़ने की मांग भी रखी। इसके अलावा 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बिना किसी भेदभाव के वित्तीय लाभ देने पर जोर दिया गया।
सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकार पेंशनर्स के मामलों में भेदभावपूर्ण नीति अपना रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेंशनर्स के साथ “बंदरबांट” जैसी स्थिति नहीं होनी चाहिए और सभी लंबित मामलों का समान रूप से समाधान किया जाए।
बैठक में पेंशन से संबंधित जेसीसी (संयुक्त सलाहकार समिति) की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग भी उठाई गई। साथ ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों को लेकर सरकार की घोषणा पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि बजट उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
